ट्रम्प परिवार 5 टियर सुरक्षा घेरे में रहेंगे। अमेरिका के प्रथम परिवार की अंदरूनी सुरक्षा का पूरा जिम्मा अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के हवाले रहेगा और इन तक पहुंच केवल भारतीय लायजनिंग अधिकारियों की ही होगी। दूसरे चक्र में एनएसजी, चेतक कमांडो, अर्ध सैनिक बल और अंत में बाहरी सुरक्षा व देखरेख की जिम्मेदारी गुजरात, उत्तर प्रदेश और दिल्ली पुलिस के 25 हजार जवानों की रहेगी। ट्रम्प की हर घंटे की सुरक्षा पर करीब डेढ़ करोड़ और 36 घंटे की यात्रा में सुरक्षा पर 100 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
सख्त प्रोटोकॉल
अमेरिकी खुफिया एजेंट कड़े प्रोटोकॉल का पालन करते हुए राष्ट्रपति के सांकेतिक कॉल साइन तक को साझा नहीं करते। अफसर समानांतर और सुरक्षित वायरलेस प्रणाली के जरिए आवागमन की बारीकियों का संचालन करेंगे। ये कॉल साइन सुरक्षा में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से अंतिम समय में शेयर किए जाएंगे। काफिला जहां से भी काफिला गुजरेगा, उसके ताकतवर जैमर्स आसपास के सभी तरह के मोबाइल और वायरलेस सिग्नल कुछ समय के लिए बंद कर देंगे।
ट्रम्प 6 साल में अहमदाबाद पहुंचने वाले 5वें राष्ट्राध्यक्ष
- चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सितंबर 2014 में अहमदाबाद आए थे। उस समय रिवरफ्रंट पर मोदी और जिनपिंग के एक ही झूले पर झूलने की तस्वीरें काफी चर्चा में रही थीं।
- जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे सितंबर 2017 में पत्नी अकई समेत 2 दिनों के दौरे पर अहमदाबाद पहुंचे। मोदी के साथ 8 किमी लंबा रोड शो भी किया था।
- इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू जनवरी 2018 में अहमदाबाद आए थे। उन्होंने मोदी के साथ अहमदबाद एयरपोर्ट से साबरमती आश्रम तक रोड शो भी किया था।
- कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो पत्नी और तीन बच्चों के साथ फरवरी 2018 अहमदाबाद पहुंचे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी उनके साथ नहीं थे। 23 फरवरी को राष्ट्रपति भवन में मोदी ने उनका औपचारिक रूप से स्वागत किया था।
भारत आने वाले 7वें अमेरिकी राष्ट्रपति
साल | राष्ट्रपति | किसने अगवानी की |
1959 | ड्वाइट आइजनहॉवर | पं जवाहर लाल नेहरू |
1969 | रिचर्ड निक्सन | इंदिरा गांधी |
1978 | जिमी कार्टर | मोरारजी देसाई |
2000 | बिल क्लिंटन | अटल बिहारी वाजपेयी |
2006 | जॉर्ज डब्ल्यू बुश | मनमोहन सिंह |
2010 | बराक ओबामा | मनमोहन सिंह |
2015 | बराक ओबामा | नरेंद्र मोदी |
2020 | डोनाल्ड ट्रम्प | नरेंद्र मोदी |